होली के उत्साह के बीच दर्दनाक हादसा: रंग छुड़ाने गए 6 लोग डूबे
होली 2025:
रंगों के त्योहार के बीच बिहार और हिमाचल प्रदेश से बेहद बुरी खबर सामने आई है। यहां होली खेलने के बाद रंग छुड़ाने गए कुल 6 लोगों की डूबने से मौत हो गई।
होली के उत्साह के बीच हुए इस हादसे से स्थानीय ग्रामीण सदमे में है। होली के दिन घटी इस घटना से पूरा गांव में मातम पसरा हुआ है।
बिहार में 4 लोगों की डूबने से मौत –
होली के बीच दुःखद घटना बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड स्थित अरेर थाना के परजुआरि गांव में घटी।
शुक्रवार को यहां होली खेलने के बाद रंग छुड़ाने के लिए तालाब में नहाने गई 4 युवतियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है।
बताया गया कि चारों युवतियां होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गई थी। नहाते समय एक युवती गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के लिए अन्य तीनों युवतियां भी पानी में उतरीं और वह भी गहरे पानी में जाने की वजह से डूब गईं।
घटना की खबर सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग तालाब के पास जमा हुए और फौरन पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के प्रयास से शव को निकाला गया बाहर –
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची। साथ ही स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव कार्य शुरू किया। इसके चारों युवतियों के शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
मृतक युवतियों में श्रीकांत राय की 20 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी, 25 वर्षीय चंदा, सीयाशरण राय की पुत्री अन्नू कुमारी और कप्पू राय की पुत्री लाखन कुमारी शामिल है।
पुलिस सभी शवों को कब्जे लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। साथ ही पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
हिमाचल प्रदेश बिलासपुर में डूबे 2 युवक –
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता थाना के तहत पिपलूघाट के पास सीर खड्ड में भी दो युवकों की डूबने से मौत हो गई।
बताया गया कि गांव निवासी अश्वनी कुमार और गोपाल मणी शुक्रवार को होली खेली। इसके बाद रंग छुड़ाने के लिए सीर खड्ड पर बने चेक डैम में नहाने गए।
नहाने के लिए दोनों चेक डैम में उतरे लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और गहरे पानी मे चले गए।
गहरे पानी मे जाने एवं डूबने की वजह से दोनों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर झंडूता पुलिस घटनास्थल पहुंच शवों को बाहर निकाला।
साथ ही शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल भेजते हुए जांच में जुट गई है। इधर घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।