झारखंड: महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने किया धरना प्रदर्शन
महिला आरक्षण विधेयक/ महिला कांग्रेस का धरना प्रदर्शन:
झारखंड की राजधानी रांची स्थित राजभवन के पास शुक्रवार को झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह की अध्यक्षता में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया।
धरना प्रदर्शन महिला आरक्षण विधेयक लागू करने, महिला सुरक्षा एवं उसमें ओबीसी कोटे की महिलाओं को शामिल करने की मांग को लेकर किया गया।
धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो, प्रदेश प्रभारी के राजू, जिप सदस्य जोसिमा खाखा सहित प्रदेश स्तर के कई नेता उपस्थित थे।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गुंजन सिंह ने कहा कि अगर यह कानून लागू नहीं हुआ, तो महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हर जिले में सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगी।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने की शुरुवात तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने महिलाओं को पंचायत और स्थानीय निकायों में आरक्षण देकर की थी।
साथ ही संसद और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण का बिल भी सर्व प्रथम यूपीए सरकार में स्वर्गीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के प्रयासों के चलते पारित हुआ था।
लेकिन 2014 से लेकर 2024 तक भाजपा की सरकार ने महिला आरक्षण कानून पास नहीं किया।
स्पष्ट बहुमत होते हुए और महिला आरक्षण कानून पर कांग्रेस से समर्थन प्राप्त होते हुए भी केंद्र सरकार ने कुछ नहीं किया।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के राजू ने महिला आरक्षण कानून लाने के पीछे राजनीतिक मकसद होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसे लागू करने में देरी भारत की महिलाओं के साथ विश्वासघात करने के समान है।