पंकज त्रिपाठी से अली फजल तक, 'मिर्जापुर: द मूवी' में स्टार्स की लंबी फौज
मुंबई। डिजिटल प्लेटफॉर्म से शुरू होकर दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली बहुचर्चित क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'मिर्जापुर' अब बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है। ओटीटी पर अपार लोकप्रियता हासिल करने के बाद मेकर्स ने इसे बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों में उतारने का निर्णय लिया है। 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। सत्ता, बदले और भौकाल के इस नए सफर में कई लोकप्रिय सितारे नए किरदारों के साथ जुड़कर फिल्म के रोमांच को दोगुना करने जा रहे हैं।
रवि किशन निभाएंगे 'बब्बन बबुआ' का किरदार
अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और दमदार संवाद अदायगी के लिए मशहूर अभिनेता और सांसद रवि किशन इस फिल्म में 'बब्बन बबुआ' के रूप में नजर आएंगे। पूर्वांचल की पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी में रवि किशन की एंट्री को प्रशंसकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है। देखना दिलचस्प होगा कि वे अपने इस नए अंदाज से दर्शकों पर क्या छाप छोड़ते हैं।
बबलू पंडित के रूप में दिखेंगे जितेंद्र कुमार
सीरीज के पहले सीजन में अभिनेता विक्रांत मैसी द्वारा निभाया गया 'बबलू पंडित' का किरदार दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय रहा था। अब बड़े पर्दे के इस रूपांतरण में बहुचर्चित अभिनेता जितेंद्र कुमार (सचिव जी फेम) बबलू पंडित की भूमिका में दिखाई देंगे। गंभीर और संजीदा अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले जितेंद्र के लिए यह किरदार एक बड़ा आकर्षण साबित हो सकता है।
सोनल चौहान की बड़े पर्दे पर वापसी
फिल्म 'जन्नत' से दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सोनल चौहान लंबे समय बाद किसी बड़े प्रोजेक्ट में नजर आने जा रही हैं। फिल्म में वे 'मुमताज बीबी' का अहम किरदार अदा कर रही हैं, जिसे कहानी में नया रंग भरने वाला माना जा रहा है।
मोहित मलिक और सुशांत सिंह भी दिखाएंगे दम
टेलीविजन जगत में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता मोहित मलिक 'बिरजू लौहार' के किरदार के साथ बड़े पर्दे पर कदम रख रहे हैं। वहीं, थ्रिलर और क्राइम जॉनर में कई दमदार भूमिकाएं निभा चुके वरिष्ठ अभिनेता सुशांत सिंह 'भैरव सिंह' के किरदार में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।
सितारों से सजी महाकास्ट
फिल्म में पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया), दिव्येंदु (मुन्ना भैया) और अली फजल (गुड्डू पंडित) के साथ-साथ अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी और कुलभूषण खरबंदा जैसे दिग्गज कलाकार भी दिखाई देंगे। 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक दे रही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी में है।


पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
नगर निगम जयपुर के मतदान के लिए मतदान दल रवाना
भिवाड़ी में बिना लाइसेंस संचालित दवा गोदाम पर पूर्व कार्रवाई का अपडेट