जबलपुर: पाटन रोड स्थित सहसन गांव के समीप शुक्रवार को गैरकानूनी रूप से शराब की तस्करी कर रही एक तेज रफ्तार लग्जरी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार चला रहा युवक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद सड़क किनारे पलटी गाड़ी से बिखरी शराब की बोतलों को समेटते वक्त ही पुलिस ने घेराबंदी कर सप्लायर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की देशी शराब बरामद की है।

तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा

पाटन थाना प्रभारी गोपिन्द्र सिंह राजपूत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने ग्राम सहसन के पास नाकेबंदी की थी। इसी दौरान पाटन-शहपुरा मुख्य मार्ग पर एक वेन्यू कार का चालक बेहद लापरवाही और तेज गति से गाड़ी दौड़ा रहा था। रफ्तार अधिक होने के कारण वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई।

भागने की कोशिश नाकाम, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वेन्यू कार (नंबर MP 20 CJ 9434) दुर्घटनाग्रस्त स्थिति में मिली। गाड़ी के आस-पास भारी मात्रा में शराब के क्वाटर (पाव) बिखरे हुए थे, जिन्हें एक युवक जल्दी-जल्दी समेटकर वापस गाड़ी में लोड करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस को देखते ही उसने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम हिमांशु रजक बताया, जो घमापुर का निवासी है।

गाड़ी की सीटों और डिक्की से मिले शराब के कार्टन

आरोपी ने कबूल किया कि वह इसी कार के जरिए अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने जब दुर्घटनाग्रस्त वाहन की बारीकी से तलाशी ली, तो कार की डिक्की, आगे और पीछे की सीटों पर बोरियों व कार्टनों में छिपाकर रखी गई कुल 1050 पाव देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।