टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया की खास तैयारी, 4 की जगह 3 दिन का वार्म-अप मैच
श्रीलंका क्रिकेट ने आगामी भारत दौरे के आधिकारिक शेड्यूल में थोड़ा फेरबदल किया है। दो मुकाबलों की टेस्ट श्रृंखला से पूर्व खेले जाने वाले अभ्यास मैच की समयावधि को एक दिन घटा दिया गया है। पूर्व में यह मुकाबला चार दिनों का तय किया गया था, लेकिन अब यह मात्र तीन दिवसीय वार्म-अप मैच के रूप में खेला जाएगा। श्रीलंका क्रिकेट द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय टीम चार दिवसीय मुकाबले के बजाय तीन दिन का अभ्यास मैच खेलेगी, जिसकी शुरुआत 7 अगस्त से कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड्स पर होगी। वहीं, भारतीय टीम 4 अगस्त को श्रीलंका की सरजमीं पर कदम रखेगी।
हालांकि जारी विज्ञप्ति में इस बात का स्पष्ट उल्लेख नहीं है कि मुकाबले की अवधि में कटौती क्यों की गई या यह फैसला किस क्रिकेट बोर्ड के सुझाव पर लिया गया है। इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 15 अगस्त से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था।
सारांश जैन को पहली बार मिला मौका, जडेजा और बुमराह की वापसी
भारतीय टीम में ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल होने का अवसर मिला है। वहीं दिग्गज स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा नवंबर 2025 के बाद पहली बार टेस्ट टीम में वापस लौटे हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद टेस्ट टीम में वापसी की है। हालांकि, इंग्लैंड में खेली गई हालिया तीन मैचों की वनडे सीरीज के दौरान लगी चोट के कारण बुमराह की मैच में भागीदारी उनकी फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी।
चोटों के कारण टीम में बदलाव
रवींद्र जडेजा आईपीएल 2026 सीजन के दौरान टेनिस एल्बो की समस्या के कारण टीम से बाहर चल रहे थे। वहीं लॉर्ड्स वनडे मैच में दाहिनी हैमस्ट्रिंग में आई खिंचाव की वजह से वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। सुंदर की अनुपलब्धता के कारण ही सारांश जैन को टीम में अपनी जगह बनाने का मौका मिला है।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।


शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
लम्पी स्किन डिजीज की स्थिति पर बैठक