मुजफ्फरपुर: जिले के सकरा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के साथ शादी का झूठा वादा कर तीन दिनों तक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने थाने में न्याय की गुहार लगाई है।

तीन दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था और एक गुप्त कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। वहां तीन दिनों तक लगातार उसके साथ शारीरिक शोषण किया गया। इसके बाद आरोपी उसे घर के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया।

परिवार ने की आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। परिवार का कहना है कि आरोपी ने उनकी बेटी के जीवन के साथ खिलवाड़ किया है।

पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच

सकरा थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।