बहादुरगढ़: शहर थाना पुलिस ने एमआईई पार्ट-ए स्थित एक फैक्ट्री में छापा मारकर वाल्वोलाइन ब्रांड का नकली मोबिल ऑयल बनाने वाले अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। मौके से पुलिस ने ब्रांडेड लेबल लगे हुए नकली तेल से भरे दो बड़े ड्रम बरामद किए हैं और कॉपीराइट अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दस्तावेज नहीं दिखा सका फैक्ट्री मालिक

पुलिस को दी गई शिकायत में अधिकृत एजेंसी के प्रतिनिधि ने बताया कि फैक्ट्री में रखे गए ड्रमों पर लगे स्टीकर और बारकोड संदिग्ध थे। जांच के दौरान जब पुलिस ने फैक्ट्री मालिक जतिन से इस तेल से संबंधित वैध बिल और कागजात मांगे, तो वह कोई भी संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा।

खेत में रिटायर्ड कर्नल के साथ मारपीट

बहादुरगढ़ के गांव बराही में खेत पर काम करवा रहे भारतीय सेना के एक सेवानिवृत्त कर्नल के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के संबंध में थाना लाइनपार पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

लाठी से वार कर नकदी और कार्ड गायब करने का आरोप

शिकायतकर्ता सेवानिवृत्त कर्नल सतबीर सिंह ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी और उसके बेटे ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उनकी जेब से नकदी और महत्वपूर्ण पूर्व सैनिक कार्ड भी गायब मिलने की बात कही गई है, जिसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।