देर रात ट्रेन में मची हलचल, गर्भवती महिला को जबलपुर स्टेशन पर मिला उपचार
जबलपुर: लोकमान्य तिलक टर्मिनस से मऊ जा रही गोदान एक्सप्रेस में सफर कर रही एक नौ माह की गर्भवती महिला यात्री को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ट्रेन के भीतर महिला की हालत गंभीर होने पर यात्रियों और परिजनों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद तुरंत रेलवे प्रशासन से मदद की गुहार लगाई गई।
रेल मदद 139 के जरिए मिली त्वरित सूचना
परिजनों द्वारा 'रेल मदद 139' हेल्पलाइन पर दी गई सूचना के आधार पर रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया। ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचने से पहले ही उप स्टेशन प्रबंधक आशीष चड्ढा ने रेलवे चिकित्सालय से संपर्क कर डॉक्टर और मेडिकल टीम की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित कर दी थी।
स्टेशन पर रेलवे डॉक्टरों द्वारा किया गया स्वास्थ्य परीक्षण
जैसे ही ट्रेन जबलपुर स्टेशन पर रुकी, रेलवे चिकित्सक डॉ. राम्या अपनी मेडिकल टीम के साथ तुरंत कोच एस-7 में पहुंचीं। उन्होंने गर्भवती महिला का मौके पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया और स्थिति की नाजुकता को देखते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी।
एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल में कराया गया भर्ती
रेलवे प्रशासन ने बिना किसी विलंब के रेलवे एम्बुलेंस की व्यवस्था की और महिला यात्री रागिनी को सुरक्षित रानी दुर्गावती (एल्गिन) अस्पताल भिजवाया। समय पर मिली इस मानवीय सहायता और त्वरित इलाज के लिए पीड़ित परिवार ने जबलपुर रेल मंडल और पूरी मेडिकल टीम का दिल से आभार जताया।


व्यापार से स्वच्छ ऊर्जा तक भारत-जर्मनी की बढ़ेगी साझेदारी, PM मोदी ने की बात
शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान