मरीज की मौत पर भड़के परिजन, अस्पताल में तोड़फोड़ और हंगामे से अफरा-तफरी
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में मंगलवार को मरीज की मौत के बाद परिजनों ने भारी हंगामा और उत्पाद मचाया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ हाथापाई की और आईसीयू में लगे कई जीवन रक्षक चिकित्सा उपकरणों को उखाड़कर फेंक दिया। अचानक हुई इस हिंसक घटना से अस्पताल परिसर और अन्य मरीजों के परिजनों के बीच दहशत का माहौल बन गया, जिसके बाद स्टाफ को खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर भागना पड़ा।
आईसीयू में तोड़फोड़, पुलिस बल हुआ तैनात
अस्पताल में स्थिति बेकाबू होते देख पहले एमवाय पुलिस चौकी के जवानों को बुलाया गया, लेकिन मामला बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। परिजनों के उग्र रवैये के कारण काफी देर तक मृतक का शव आईसीयू वार्ड में ही पड़ा रहा और अन्य गंभीर मरीजों का इलाज भी प्रभावित हुआ। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश दिए जाने और कड़ी मशक्कत के बाद ही परिजन शांत हुए, जिसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने पुनः अपनी ड्यूटी संभाली।
डॉक्टरों का पक्ष: इलाज में नहीं हुई कोई लापरवाही
घटना पर अपना पक्ष रखते हुए अस्पताल के डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि मरीज की स्थिति पहले से ही काफी नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों की देखरेख में उसका लगातार इलाज चल रहा था, लेकिन मंगलवार दोपहर अचानक तबीयत अधिक बिगड़ने से शाम को उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सा प्रशासन ने परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मरीज को बचाने के लिए सभी आवश्यक चिकित्सकीय प्रयास किए गए थे।


व्यापार से स्वच्छ ऊर्जा तक भारत-जर्मनी की बढ़ेगी साझेदारी, PM मोदी ने की बात
शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान