हलवारा।पंजाब के हलवारा के पास स्थित बुर्ज लिट्टा गांव में बुधवार सुबह एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया। यहां एक शराबी व्यक्ति ने रात में आए सपने को सुबह आंख खुलते ही हकीकत मान लिया और अपने घर से 20 क्विंटल गेहूं चोरी होने का दावा कर दिया। बात इतनी बढ़ गई कि गांव में पंचायत बुलानी पड़ गई, लेकिन मौके पर जांच करने के बाद जो सच सामने आया, उसने सबको हैरान कर दिया।

जांच में खुली पोल और सामने आया सच

सरपंच सुखविंदर कौर और नंबरदार बलवंत सिंह ने बताया कि संबंधित व्यक्ति रात में अत्यधिक शराब पीकर सोया था। सुबह उठते ही उसने पड़ोसियों पर चोरी का शक जताते हुए शिकायत कर दी। इसके बाद पंचायत सदस्यों की मौजूदगी में जब उसके घर की गहन जांच की गई, तो न तो कोई दरवाजा टूटा मिला और न ही दीवार में सेंध का कोई निशान था। 20 क्विंटल गेहूं भी अपनी जगह पूरी तरह सुरक्षित मिला। पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने स्वीकार किया कि उसने रात में चोरी का एक सपना देखा था, जो सुबह उठने पर उसे सच लगा।

पंचायत ने सुनाया अनोखा फैसला

पड़ोसी इस झूठे आरोप से बेहद नाराज थे और पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाने पर अड़े हुए थे, लेकिन पंचायत ने समझदारी दिखाते हुए मामले को आपसी सहमति से सुलझाया। पंचायत ने आरोपी व्यक्ति को चेतावनी देते हुए सजा के तौर पर गांव के गुरुद्वारा साहिब में 50 किलो गेहूं दान करने का निर्देश दिया। साथ ही उसे भविष्य में बिना तथ्यों की जांच किए किसी पर भी आरोप न लगाने की सख्त हिदायत दी, जिससे सपने में हुई 20 क्विंटल की चोरी हकीकत में 50 किलो दान पर आकर खत्म हुई।