अलवर चुनाव में बड़ा उलटफेर, 132 पर्चे निरस्त; पूर्व सभापति शकुंतला भी नहीं लड़ सकेंगी चुनाव
अलवर। नगर निगम चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) के बाद चुनावी मैदान का नजारा पूरी तरह साफ होने लगा है। 522 प्रत्याशियों द्वारा भरे गए कुल 597 नाम निर्देशन पत्रों में से 132 आवेदन विभिन्न तकनीकी व कानूनी खामियों के चलते निरस्त कर दिए गए हैं। निरस्त होने वाले आवेदनों में पूर्व सभापति शकुंतला सोनी का पर्चा भी शामिल है। वहीं वार्ड 9, 10, 15, 43, 50, 56, 61 और 64 में सभी प्रत्याशियों के पर्चे सही पाए गए हैं। फिलहाल पूरे निगम क्षेत्र में 446 उम्मीदवार दौड़ में हैं, जिनमें सर्वाधिक 17 प्रत्याशी वार्ड 42 से ताल ठोक रहे हैं। 3 सितंबर को नाम वापसी की अवधि खत्म होने के बाद अंतिम तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी।
आपराधिक मामले के कारण कांग्रेस प्रत्याशी का पर्चा निरस्त
संवीक्षा के दौरान सबसे बड़ा झटका कांग्रेस को वार्ड 58 में लगा, जहां अधिकृत उम्मीदवार हेमंत कुमार का नामांकन खारिज कर दिया गया। रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार, प्रत्याशी पर धारा 354 के तहत मामला अदालत में तय हो चुका है, जिसमें न्यूनतम 1 वर्ष और अधिकतम 5 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। इस निर्णय के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में मिनी सचिवालय पहुंचकर नाराजगी जताई। उनका दावा था कि मामला निरस्त होने से संबंधित दस्तावेज पेश किए जा चुके थे। इसी वार्ड से डमी प्रत्याशी रीमा चौपड़ा का पर्चा पार्टी सिंबल न मिलने से खारिज हो गया, जिसके बाद अब मुख्य मुकाबला भाजपा की मीनू बाघला और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच होगा।
सिंबल की कमी और प्रपत्रों में त्रुटियों ने बिगाड़ा खेल
नामांकन निरस्त होने का मुख्य कारण राष्ट्रीय व राज्यस्तरीय दलों के सिंबल की समय पर सुलभता न होना रहा। भाजपा के 44 और कांग्रेस के 31 ऐसे दावेदारों के पर्चे खारिज हुए जो अंतिम समय तक पार्टी सिंबल जमा नहीं करा सके। इसके अलावा कई निर्दलीय व अन्य उम्मीदवारों के पर्चों में 5 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर न होना, प्रपत्र 'क' और 'ख' में अधूरी जानकारियां छोड़ना तथा आपराधिक मामलों में दोषसिद्धि मुख्य वजहें रहीं।
विभिन्न वार्डों से कई प्रमुख दावेदार दौड़ से बाहर
विभिन्न तकनीकी कमियों के कारण दर्जनों निर्दलीय और बागी प्रत्याशियों के फॉर्म खारिज किए गए हैं। प्रमुख रूप से वार्ड 31 से सुरेंद्र गुर्जर, वार्ड 32 से पुष्पेंद्र व अनीता, वार्ड 33 से उम्मेद सिंह, वार्ड 37 से फूल कंवर, वार्ड 42 से महेश व लोकेश, वार्ड 44 से खेमचंद, वार्ड 52 से शकुंतला सोनी, वार्ड 53 से नरेंद्र शर्मा, वार्ड 58 से हेमंत कुमार और वार्ड 63 से अंकुर आहूजा सहित कई अन्य उम्मीदवारों के पर्चे निरस्त हुए हैं।


शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
लम्पी स्किन डिजीज की स्थिति पर बैठक