मुरैना। सागर में जहरीली शराब कांड के बाद पूरे मध्य प्रदेश में जारी पुलिस अलर्ट के बीच मुरैना कोतवाली पुलिस ने एक अनोखे और हाईटेक अवैध शराब ठेके का भंडाफोड़ किया है। यहां संजय कॉलोनी की पटी गली में एक महिला अपने घर से खिड़की पर ऑनलाइन पेमेंट का क्यूआर कोड लगाकर लाइसेंसी दुकानों से भी सस्ते दामों पर शराब बेच रही थी। पुलिस ने दबिश देकर मकान से भारी मात्रा में देशी, विदेशी शराब और बीयर सहित 84 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की है।

खिड़की पर क्यूआर कोड, ऑनलाइन पेमेंट लेकर शराब की सप्लाय

पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई आरोपी महिला की पहचान रजनी सिकरवार के रूप में हुई है। आरोपी महिला ने अपने घर की खिड़की पर फोन-पे और गूगल-पे के क्यूआर कोड चस्पा कर रखे थे। शराब खरीदने वाले लोग खिड़की पर आकर स्कैन कर ऑनलाइन भुगतान करते थे और महिला खिड़की से ही शराब की बोतलें थमा देती थी। लाइसेंसी ठेकों की तुलना में कम दाम होने के कारण शाम होते ही यहां खरीदारों का भारी मजमा लग जाता था। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली टीआई अमित भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस बल ने मौके पर छापा मारा।

पूरे घर को बना रखा था गोदाम, फ्रिज में भरी थीं बीयर

दबिश के दौरान घर के अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। पूरे मकान को अवैध शराब के गोदाम में तब्दील कर दिया गया था। कमरे में शराब की पेटियां सजी हुई थीं, वहीं फ्रिज के भीतर खाने-पीने की चीजों की जगह बीयर के कैन और शराब की बोतलें ठंडी की जा रही थीं। अलमारी और लॉकरों में भी भारी संख्या में क्वार्टर छिपाकर रखे गए थे, जहां से नकदी भी बरामद हुई।

84 लीटर से अधिक शराब बरामद, सैंपल जांच के लिए भेजे गए

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके से 33 क्वार्टर व 4 बोतल अंग्रेजी शराब, 24 कैन बीयर, देशी लाल मसाला की एक पेटी और देशी प्लेन शराब की 5 पेटियों समेत कुल 84 लीटर से ज्यादा शराब जब्त की। नियमानुसार जांच के लिए प्रत्येक पेटी से दो-दो क्वार्टर के सैंपल सील किए गए हैं। शराब बिक्री से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस न मिलने पर महिला को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

दामाद करता था स्टॉक की सप्लाय, तलाश में जुटी पुलिस

पूछताछ के दौरान महिला ने खुलासा किया कि शराब का यह पूरा स्टॉक उसका दामाद गोलू उर्फ विजय परमार लाकर देता था और वह केवल घर से इसकी बिक्री संभालती थी। पुलिस ने महिला के बयानों के आधार पर दामाद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी धरपकड़ शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।