रांची झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गिरिडीह के हरसिंहरायडीह पहुंचकर स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन घड़ी में अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

राज्य ने खोया समर्पित और कर्मठ युवा नेतृत्व

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन को पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि उनके जाने से राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, निष्ठावान मंत्री और सशक्त युवा नेतृत्व खो दिया है। मुख्यमंत्री ने स्मरण करते हुए कहा कि जनसेवा और राज्य के विकास में उनके द्वारा दिए गए अमूल्य योगदान को सदैव आदरपूर्वक याद किया जाएगा।

परिजनों को बंधाया ढांढस, ईश्वर से की प्रार्थना

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को यह असहनीय आघात सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि दुख की इस घड़ी में सरकार और पूरा राज्य उनके साथ खड़ा है। विधायक कल्पना सोरेन ने भी शोकग्रस्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा को नमन किया।