बेमेतरा: देश की राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक बहुमंजिला इमारत के अचानक जमींदोज होने से भीषण हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में जहां सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की चपेट में छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले का रहने वाला एक कॉलेज छात्र युवराज सोनी भी आ गया, जिसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

इमारत ढहने से मलबे में दबा छत्तीसगढ़ का होनहार छात्र

बेमेतरा जिले के बेरला ब्लॉक निवासी कन्हैया सोनी के पुत्र युवराज सोनी उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से दिल्ली में रहकर मोतीलाल नेहरू कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। रविवार 6 सितंबर को जब सत्य निकेतन स्थित बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, तो युवराज भी उसके मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में इमारत के मलबे में दबने से कुल सात लोगों की जान चली गई, जबकि युवराज समेत अन्य घायलों को बमुश्किल बाहर निकाला गया।

एम्स में जीवन-मौत से जूझ रहा छात्र, परिजनों में शोक की लहर

हादसे के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल युवराज सोनी को दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बेमेतरा से उनके परिजन दिल्ली पहुंच गए हैं। घायल युवराज बेमेतरा के स्थानीय नेता नितेश सोनी के भाई हैं। छात्र के असमय हादसे का शिकार होने और गंभीर स्थिति में होने से परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा क्षेत्र में चिंता का माहौल है।