मुंबई। साकीनाका क्षेत्र के खैरानी रोड पर खुले मेनहोल में गिरने से जान गंवाने वाले असलम शेख के परिजनों को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह सहायता राशि मृतक की पत्नी अंजुम शेख के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर कर दी गई है। आर्थिक मदद मिलने के बाद अंजुम शेख ने मेयर रितु तावड़े और नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

मेयर रितु तावड़े ने दिया था त्वरित सहायता का आश्वासन

हादसे के बाद मेयर रितु तावड़े ने पीड़ित शेख परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल 10 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए थे। मेयर के आदेश पर नगर निगम के एल-डिविजन (कुर्ला) कार्यालय ने उत्तराधिकार प्रमाण पत्र और बैंक संबंधी प्रक्रियाएं पूरी कर सहायता राशि जारी की।

खाते में राशि पहुंचने पर अंजुम शेख ने सौंपा आभार पत्र

दस्तावेजी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद 10 लाख रुपये की राशि बैंक खाते में जमा होते ही अंजुम शेख ने नगर निगम को एक आधिकारिक आभार पत्र सौंपा। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि संकट की इस घड़ी में मेयर रितु तावड़े ने जो वादा किया था, उसे त्वरित रूप से पूरा किया गया। उन्होंने मार्गदर्शन व सहयोग प्रदान करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों का धन्यवाद किया।

मेयर बोलीं- परिवार को संबल देना प्रशासन का कर्तव्य

मेयर रितु तावड़े ने कहा कि परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य की क्षति की भरपाई किसी भी आर्थिक मदद से संभव नहीं है। हालांकि, मुश्किल दौर में प्रभावित परिवार के साथ खड़े रहना और समय पर मदद पहुंचाना नगर निगम की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अंजुम शेख का आभार पत्र प्रशासन को आम नागरिकों के प्रति और अधिक संवेदनशीलता से कार्य करने की प्रेरणा देता है।