भारत-पाक बॉर्डर पर क्यों उलझे आयुष्मान? ‘देशभक्ति याद है, देश नहीं’ ने बढ़ाई जिज्ञासा
मुंबई। अभिनेता आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की आगामी स्पाई-कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ का आधिकारिक पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। कॉमेडी के तड़के से सजी इस जासूसी फिल्म के पोस्टर ने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।
पोस्टर में क्या है खास?
फिल्म के सामने आए नए पोस्टर में अभिनेता आयुष्मान खुराना अनोखे अंदाज में दो मील के पत्थरों से लटके हुए नजर आ रहे हैं, जिन पर 'भारत' और 'पाकिस्तान' लिखा हुआ है। उनके हाथ में एक फाइल भी दिखाई दे रही है जिस पर 'टॉप सीक्रेट' दर्ज है। इस पोस्टर पर लिखा एक खास संवाद – ‘देशभक्ति याद है पर देश नहीं’, फिल्म के प्लॉट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा रहा है।
कौन हैं निर्माता और निर्देशक?
इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस और गुनीत मोंगा की सिख्या प्रोडक्शंस मिलकर बना रहे हैं। इससे पहले यह दोनों बैनर ‘किल’, ‘ग्यारह-ग्यारह’ और ‘द लंच बॉक्स’ जैसी प्रशंसित फिल्में साथ बना चुके हैं। फिल्म के निर्माताओं में अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता और अचिन जैन शामिल हैं। वहीं, इस फिल्म का निर्देशन आकाश ए. कौशिक कर रहे हैं, जो इस प्रोजेक्ट के जरिए बतौर निर्देशक अपना डायरेक्टोरियल डेब्यू करने जा रहे हैं।
कब सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म?
यह स्पाई-कॉमेडी फिल्म आगामी 9 अक्टूबर 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। हालांकि पहले इस फिल्म को सितंबर के महीने में रिलीज किया जाना था, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट बदलकर अक्टूबर कर दी गई। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की टक्कर अजय देवगन की बहुचर्चित फिल्म ‘दृश्यम 3’ से होने की संभावना है, क्योंकि यह दोनों फिल्में आसपास ही सिनेमाघरों में दस्तक देंगी।


शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
लम्पी स्किन डिजीज की स्थिति पर बैठक