छोटे शहरों में वोटिंग का तूफान, सीकरी में 81.28 प्रतिशत मतदाताओं ने डाला वोट
जयपुर। राजस्थान के 162 नगरीय निकायों में प्रथम चरण का मतदान सुचारू रूप से जारी है। दोपहर 1 बजे तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार, बड़े शहरों की तुलना में छोटे कस्बों और नगर पालिकाओं में मतदाताओं का उत्साह अधिक देखने को मिल रहा है। कई नगर पालिकाओं में दोपहर तक आधे से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं, जबकि प्रमुख नगर निगमों में मतदान की गति अपेक्षाकृत धीमी दर्ज की गई है।
छोटे निकायों में भारी मतदान: सीकरी 81% के पार
दोपहर 1 बजे तक डीग जिले की सीकरी नगर पालिका 81.28 प्रतिशत मतदान के साथ राज्य में शीर्ष पर रही। इसके अलावा धौलपुर की सैंपऊ नगर पालिका में 75.50 प्रतिशत तथा डीग की पहाड़ी नगर पालिका में 75.44 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। बालोतरा की गुड़ामालानी में 72.58 प्रतिशत और जयपुर की कानोता नगर पालिका में 71.67 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
इसी क्रम में जोधपुर की तिवरी नगर पालिका में 69.92 प्रतिशत, बालेसर सत्ता में 68.80 प्रतिशत, प्रतापगढ़ की अरनोद में 68.48 प्रतिशत, भरतपुर की रूपवास में 68.11 प्रतिशत और अजमेर की नसीराबाद नगर पालिका में 67.94 प्रतिशत मतदान संपन्न हो चुका है।
नगर निगम क्षेत्रों में सुस्त रही वोटिंग की रफ्तार
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बड़े नगर निगम क्षेत्रों में मतदान का रुझान कस्बाई निकायों के मुकाबले कम रहा। दोपहर 1 बजे तक बीकानेर नगर निगम में सबसे कम 20.84 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। इसके अतिरिक्त भीलवाड़ा नगर निगम में 36.67 प्रतिशत, अलवर नगर निगम में 39.90 प्रतिशत तथा भरतपुर नगर निगम में 44.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसके साथ ही कुछ अन्य निकायों में भी रफ्तार धीमी रही, जिनमें बांसवाड़ा नगर परिषद में 41.40 प्रतिशत, अंता (बारां) में 49.30 प्रतिशत, झालावाड़ नगर परिषद में 45.15 प्रतिशत, प्रतापगढ़ नगर परिषद में 40 प्रतिशत और डूंगरपुर नगर परिषद में 39.28 प्रतिशत वोटिंग हुई।
दोपहर बाद मतदान बढ़ने की उम्मीद
दोपहर तक के रुझानों से स्पष्ट है कि ग्रामीण व कस्बाई पृष्ठभूमि से जुड़ी नगर पालिकाओं में मतदाताओं की सक्रियता काफी अधिक रही, जबकि बड़े शहरी क्षेत्रों में प्रक्रिया थोड़ी धीमी रही। प्रशासन को उम्मीद है कि शाम ढलने से पहले बड़े शहरों के पोलिंग बूथों पर भी मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी होगी।


MP में सेवा संकल्प अभियान की तैयारी पूरी, IAS अफसरों को मिली जिलों की कमान
डॉक्टर पर बेल्ट से हमला, सिर में आई गंभीर चोट; विरोध में आधे घंटे बंद रही इमरजेंसी
फीस जमा करने निकले दंपती को ट्रक ने कुचला, गोपालगंज में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत