जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे बने MP हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, गुजरात से रहा है गहरा नाता
भोपाल: मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय को अपना नया स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। राजभवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल ने जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक व न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने राज्य के 30वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाला है।
तीन महीने से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संभाल रहे थे कमान
उल्लेखनीय है कि 1 जून 2026 को पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा का कार्यकाल समाप्त होने के पश्चात 2 जून 2026 से जस्टिस विवेक रूसिया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे थे। पिछले तीन महीनों से स्थायी मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त चल रहा था, जिस पर अब जस्टिस कोगजे की नियुक्ति के साथ विराम लग गया है।
11 सितंबर को जबलपुर हाई कोर्ट में संभालेंगे कामकाज
शपथ ग्रहण समारोह के पश्चात मुख्य न्यायाधीश जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के लिए रवाना होंगे। वे 11 सितंबर को आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। इस उपलक्ष्य में जबलपुर हाई कोर्ट के कोर्ट रूम नंबर-1 में प्रातः 10:30 बजे भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें वरिष्ठ अधिवक्ता, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और हाई कोर्ट के न्यायाधीश उपस्थित रहेंगे।
33 वर्षों का लंबा और समृद्ध कानूनी अनुभव
जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने अपने कानूनी करियर की शुरुआत वर्ष 1993 में की थी। तीन दशकों से अधिक के अपने कार्यकाल में उन्होंने जटिल आपराधिक और संवैधानिक मामलों में अपनी विशेष पहचान बनाई। उन्होंने गुजरात सरकार की ओर से कई संवेदनशील व महत्वपूर्ण मुकदमों में सफलतापूर्वक पैरवी की, जिसके पश्चात उन्हें गुजरात उच्च न्यायालय में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था।


किसानों की खुशहाली में देश की तरक्की, CM डॉ. यादव ने दिया बड़ा संदेश
पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
नगर निगम जयपुर के मतदान के लिए मतदान दल रवाना