योगी सरकार की बड़ी योजना! एक करोड़ महिलाओं को मिलेंगे 1-1 लाख रुपये, तीन किश्तों में होगा भुगतान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तीकरण एवं स्वावलंबन की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश की तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने तथा एक करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने योजना भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी विभिन्न सहयोगी संस्थाओं व बैंकर्स के कार्यों की समीक्षा की तथा महिलाओं की आय वृद्धि पर बल दिया।
महिला उद्यमी योजना और वित्तीय सहायता
उत्तर प्रदेश महिला उद्यमी योजना के अंतर्गत एक करोड़ से अधिक पात्र महिलाओं को प्रथम किस्त के रूप में 20,000 रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी, जिसका ब्याज राज्य सरकार स्वयं वहन करेगी। वहीं, द्वितीय किस्त के तहत 30,000 रुपये उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने बैंक अधिकारियों को गरीब महिलाओं को सहजता से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
तकनीक, पशुपालन और ई-रिक्शा प्रोत्साहन
महिलाओं की आय बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें दुधारू पशु खरीदने के लिए ऋण तथा 2 लाख रुपये तक के ई-रिक्शा उपलब्ध कराने की योजना तैयार करने को कहा गया है। इसके अलावा, तकनीकी सशक्तिकरण के तहत प्रत्येक संकुल स्तरीय संघ (Cluster Level Federation) को कम से कम एक ड्रोन उपलब्ध कराने की रूपरेखा बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
बीमा क्लेम की प्रक्रिया होगी सरल
समीक्षा बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने बीमा दावों के निस्तारण में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऋण के साथ किए जाने वाले बीमा के क्लेम हेतु आश्रितों को परेशान न होना पड़े और पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
एचसीएल के सामाजिक विकास कार्य
बैठक में एचसीएल संस्था ने प्रदेश के 13 जिलों में संचालित स्मार्ट स्कूल, स्वास्थ्य और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति प्रस्तुत की। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य पूरी तरह संतृप्त (Saturate) होने तक इन जनपदों में विकास कार्य निरंतर जारी रखे जाएं।


किसानों की खुशहाली में देश की तरक्की, CM डॉ. यादव ने दिया बड़ा संदेश
पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
नगर निगम जयपुर के मतदान के लिए मतदान दल रवाना