भारत लाया गया आतंकवादी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा
मुम्बई हमला 2008:
मुंबई में 2008 में हुए 26/11 आतंकवादी हमलों के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर गुरुवार को दिल्ली लाया गया।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाम करीब 6:30 बजे पहुंचने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया।
पटियाला हाउस कोर्ट में विशेष एनआईए न्यायाधीश चंदर जीत सिंह ने राणा को 18 दिनों के लिए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) की रिमांड पर भेज दिया।
NIA ने 20 दिनों की रिमांड की मांग की थी। लेकिन अदालत ने 18 दिनों की रिमांड मंजूर की।
राणा को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत लाया गया, जिसमें जेल वैन, बख्तरबंद विशेष वाहन और एम्बुलेंस सहित कई वाहनों का काफिला शामिल था।
अदालत परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
NIA के अनुसार राणा ने 26/11 हमलों की साजिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उसने अपने सहयोगी डेविड हेडली के साथ मिलकर मुंबई में एक फ्रंट ऑफिस स्थापित किया।
जिसका उपयोग हमलों की योजना बनाने में किया गया था। NIA के आरोपपत्र के अनुसार राणा ने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के लिए तार्किक और वित्तीय समर्थन प्रदान किया था। जिसमें 166 लोग मारे गए थे।
राणा को अब NIA के विशेष सेल में रखा जाएगा। जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उससे पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, इस विशेष सेल में 12 अधिकारियों के अलावा किसी को भी जाने की अनुमति नहीं होगी।