पुणे। महाराष्ट्र के हाई-प्रोफाइल केतन अग्रवाल हत्याकांड की मुख्य आरोपी सिया गोयल एक बार फिर देश भर में चर्चा का विषय बन गई है। इस बार सुर्खियां पुलिस की जांच को लेकर नहीं, बल्कि मीडिया के साथ किए गए उसके बेहद आपत्तिजनक और असंवेदनशील व्यवहार के कारण हैं। पुलिस कस्टडी के दौरान जब आरोपी सिया को ले जाया जा रहा था, तब उसने कैमरे की तरफ देखकर अश्लील इशारा किया। यह पूरी अभद्र घटना वहां मौजूद कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुणे के मार्केट यार्ड में जांच के दौरान हुई घटना

यह वाकया उस समय का है जब पुलिस टीम जांच के सिलसिले में सिया गोयल को पुणे के मार्केट यार्ड स्थित उसके आवास पर लेकर पहुंची थी। चेहरे पर प्रिंटेड स्कार्फ बांधे और काले रंग की टी-शर्ट पहने सिया को जब पुलिस घर से बाहर निकाल रही थी, तभी उसने सामने खड़े मीडियाकर्मियों को देखकर कैमरों के सामने यह अमर्यादित हरकत कर दी। हत्या जैसे संगीन मामले की आरोपी होने के बावजूद उसके चेहरे पर न तो कोई पछतावा था और न ही कानून का कोई डर, जिसकी इंटरनेट पर लोग कड़ी निंदा कर रहे हैं।

हादसे की झूठी कहानी और लोहगढ़ किले का खूनी सच

पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे के पास स्थित ऐतिहासिक लोहगढ़ किले की पहाड़ी से धकेलकर मशहूर कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या कर दी थी।

शुरुआत में सिया ने इसे एक साधारण हादसा बताते हुए दावा किया था कि केतन का पैर फिसल गया था। पुलिस ने पहले इसे एक्सीडेंटल डेथ (आकस्मिक मौत) के रूप में दर्ज किया था, लेकिन पूछताछ के दौरान सिया के बयानों में आए विरोधाभास और उसके संदिग्ध रवैये ने पुलिस का शक बढ़ा दिया। कड़ाई से की गई जांच और पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने इस मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश करते हुए सिया और चेतन को सोची-समझी साजिश के तहत हत्या करने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया।

नवंबर में होनी थी शादी, प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश

पुलिस की तफ्तीश में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। मृतक केतन अग्रवाल और आरोपी सिया गोयल की सगाई हो चुकी थी और दोनों परिवारों की रजामंदी से इसी साल नवंबर में उनकी शादी होने वाली थी। हालांकि, सिया का प्रेमी चेतन चौधरी इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था। वह केतन को अपने और सिया के बीच का कांटा समझता था, जिसके बाद दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार किया।

झाड़ियों की वजह से पहली बार बच गई थी जान

जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह केतन को मारने की दूसरी कोशिश थी। इससे पहले 14 जून को भी सिया ने केतन को उसी किले से नीचे गिराने की कोशिश की थी, लेकिन तब किस्मत अच्छी थी और केतन पहाड़ी के किनारे उगी झाड़ियों को पकड़कर लटक गया और उसकी जान बच गई। उस समय पकड़े जाने के डर से सिया ने वहां सांप होने का नाटक किया और केतन को यह भरोसा दिलाने में कामयाब रही कि वह सिर्फ उसे बचा रही थी।

आज वडगांव कोर्ट में होगी दोनों आरोपियों की पेशी

विश्वास जीतने के बाद सिया दोबारा केतन को उसी लोहगढ़ किले पर ले गई, जहां उसका प्रेमी चेतन चौधरी पहले से घात लगाकर बैठा था। मौका मिलते ही दोनों ने मिलकर केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस बर्बर हत्याकांड के दोनों आरोपियों को अब वडगांव कोर्ट में पेश किया जाएगा। जहां एक तरफ पुणे ग्रामीण पुलिस आरोपियों की रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी, वहीं बचाव पक्ष उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की अपील कर सकता है।