शराब के नशे में हुआ खूनी खेल, पत्नी की हत्या कर सबूत छिपाने की कोशिश
झुंझुनूं: जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के अगवाना खुर्द गांव में मंगलवार को रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव के एक मकान में स्थित संदूक से महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जिस घर में पति-पत्नी साथ रहते थे, वहीं कई दिनों तक एक संदूक के भीतर महिला का शव छिपाकर रखा गया था। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
संदूक में मिला महिला का शव, पति हिरासत में
सूचना मिलते ही सूरजगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब घर में रखे संदूक को खुलवाया, तो उसके भीतर महिला का शव देखकर उपस्थित सभी लोग हैरान रह गए। मृतका की पहचान सुलोचना फौगाट के रूप में की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके पति कृष्ण कुमार जाट को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
तीन दिन पुराना शव, हाथ बंधे मिले
पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतका के दोनों हाथ बंधे हुए पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका पूरी तरह पुख्ता हो गई है। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है।
शराब के पैसों को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि वारदात से पहले पति-पत्नी के बीच शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पत्नी द्वारा रुपए देने से मना करने पर दोनों में कहासुनी बढ़ गई, जिसने उग्र रूप ले लिया। पुलिस को अंदेशा है कि इसी दौरान महिला की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के मकसद से शव को संदूक में बंद कर दिया गया था।
आरोपी से पूछताछ जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। शव को सूरजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


विष्णुभोग चावल बना जीपीएम जिले का गौरव
रेल यात्रियों और मासूम बच्चों की सुरक्षा के प्रति जीआरपी की संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को प्रदेशभर में मिल रहा जनसमर्थन