बिहार में IAS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, गुंजन सिंह बनीं सूचना निदेशक
पटना। बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा शुक्रवार देर रात जारी अधिसूचना के अनुसार, कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई प्रमुख पदों के अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव किए गए हैं। वर्ष 2020 बैच की आईएएस अधिकारी गुंजन सिंह को निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य संवाद समिति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
नवीन कुमार को बियाडा के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार
वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी तथा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के विशेष सचिव नवीन कुमार को अब अगले आदेश तक बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वे पहले से ही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रभारी सचिव और बिहार स्टेट बिवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे हैं। इसके साथ ही उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को बियाडा के एमडी के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
विवेक रंजन मैत्रेय बने नए खेल निदेशक, अनिल कुमार को भवन निर्माण निगम
वर्ष 2017 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय को अपर सचिव, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पद से स्थानांतरित कर खेल निदेशक के पद पर पदस्थापित किया गया है। इसके साथ ही राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन खेल निदेशक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो गए हैं। इसी बैच के आईएएस अधिकारी अनिल कुमार को निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क के पद से स्थानांतरित कर बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे अब तक बिहार राज्य संवाद समिति के प्रबंध निदेशक का भी अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।
शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम और उद्योग विभाग में भी नए दायित्व
वर्ष 2020 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक पलासिया को पथ निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव पद से स्थानांतरित करते हुए बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है। वे अगले आदेश तक संयुक्त सचिव, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात 2020 बैच के आईएएस अधिकारी श्रीकान्त कुण्डलिक खाण्डेकर को अगले आदेश तक संयुक्त सचिव, उद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।


किसानों की खुशहाली में देश की तरक्की, CM डॉ. यादव ने दिया बड़ा संदेश
पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
नगर निगम जयपुर के मतदान के लिए मतदान दल रवाना