छत्तीसगढ़: मुठभेड़ में 30 नक्सलियों ढ़ेर, एक जवान शहीद
Chattisgarh encounter/chattisgarh crime:
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिले में सुरक्षाबलों के साथ हुए मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 30 नक्सलियों को मार गिराया।
इस घटना में एक जवान शहीद हो गया। सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले में 26 नक्सली मारे गए और एक जवान शहीद हो गया, जबकि कांकेर जिले में चार अन्य नक्सली मारे गए।
छत्तीसगढ़ में इस मुठभेड़ के साथ ही इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 113 नक्सली मारे जा चुके हैं।
इनमें सबसे अधिक 97 बस्तर संभाग के बीजापुर और कांकेर जिलों सहित सात जिलों में मारे गए हैं। सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज ने बताया कि बीजापुर और दंतेवाड़ा के गंगालूर थाने से नक्सलरोधी अभियान पर सुरक्षाबलों को रवाना किया गया था। अभियान के दौरान नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी शुरू हुई।
उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ 26 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं।
सुंदरराज ने बताया कि मुठभेड़ में डीआरजी इकाई का एक जवान भी शहीद हो गया।
कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि नक्स विरोधी अभियान के लिए सुरक्षा जवानों और नक्सलियों के बीच कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर जंगल में मुठभेड़ हुई।
उन्होंने बताया कि अभियान में डीआरजी और सीमा सुरक्षा बल का संयुक्त दल निकला था। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद चार नक्सलियों के शवों के अलावा स्वचालित हथियार भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि दोनों मुठभेड़ स्थलों पर तलाशी अभियान जारी है।
2026 तक बस्तर भयमुक्त होगा: सीएम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर लिखा कि 2026 तक बस्तर भयमुक्त होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध हमारी लड़ाई मजबूती से जारी है।
आज सुरक्षाबल के जवानों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में बीजापुर-गंगालूर में नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
मुठभेड़ में डीआरजी के जवान की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।
मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए, सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
जवानों को मिली यह सफलता सराहनीय है। उनके हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं।
31 मार्च 2026 से पहले नक्सलमुक्त होगा देश: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों द्वारा नक्सलियों को मार गिराए जाने को बड़ी सफलता करार दिया।
उन्होंने दावा किया कि अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होने वाला है।
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध बिना कोई रहम किए आगे बढ़ रही है।
तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।
एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि नक्सलमुक्त भारत अभियान की दिशा में गुरुवार को हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है।